
हम अक्सर परमेश्वर के न्याय को तराज़ू के पलड़ों के रूप में सोचते हैं। हमें लगता है कि अगर हम अपने किए बुरे कामों से ज़्यादा अच्छे काम करेंगे, तो परमेश्वर उससे संतुष्ट होंगे। हम खुद को यह यकीन दिला लेते हैं कि जब तक हम एक अच्छे इंसान की तरह ज़िंदगी जीते हैं और कोई गैरकानूनी काम नहीं करते, तब तक हम सुरक्षित हैं। हम उम्मीद करते हैं कि, आखिर में, हमारी ज़िंदगी के पलड़े किसी तरह बराबर हो जाएँगे और परमेश्वर हमारी गलतियों को नज़रअंदाज़ कर देंगे। लेकिन अगर हम सचमुच खुद के प्रति ईमानदार हैं, तो हम जानते हैं कि हमने जो बुरे काम किए हैं, वे सिर्फ़ गलतियों का सिलसिला नहीं हैं। वे हमारे सिरजनहार के खिलाफ एक गहरी बगावत को दिखाते हैं। पवित्र बाइबल इसे ‘पाप’ कहती है और यह ऐलान करती है कि “कोई भी धर्मी नहीं है, एक भी नहीं।” एक पवित्र, न्यायप्रिय और धर्मी परमेश्वर के सामने, हम पूरी तरह से भ्रष्ट और आध्यात्मिक रूप से कंगाल हैं। हम अपने पापों का कर्ज़ नहीं चुका सकते। न्याय के दिन, हम दोषी ठहराए जाएँगे।
इस निराशाजनक स्तिथि के बीच, पवित्र बाइबल आशा प्रदान करती है। देखिए किस रीति से परमेश्वर हमारे प्रति अपने प्रेम को प्रकट करते हैं, जब वे अपने प्रिय पुत्र, यीशु मसीह के विषय में यह कहते हैं:
वह हमारे अपराधों के लिये पकड़वाया गया, और हमारे धर्मी ठहरने के लिये जिलाया भी गया। – रोमियों 4:25
यीशु की मृत्यु क्यों हुई? या, दूसरे शब्दों में, यीशु की मृत्यु के लिए कौन ज़िम्मेदार था? जब हम पवित्र बाइबल में दिए गए चार सुसमाचारों को पढ़ते हैं, तो हमें यह समझ आता है कि यीशु के करीबी मित्र, यहूदा इस्करियोती ने उनके साथ विश्वासघात किया; अविश्वासी यहूदियों ने यीशु को रोमियों के हवाले कर दिया; और अंत में, रोमी हाकिम पुनतियुस पिलातुस ने यीशु को क्रूस पर चढ़ाए जाने की सज़ा सुनाई। लेकिन पवित्र बाइबल यह भी बताती है कि यह परमेश्वर ही थे, जो अपनी अनंत योजना को पूरा करने के लिए, इन सभी घटनाओं को अपनी संप्रभुता से नियंत्रित कर रहे थे। यह परमेश्वर ही थे, जिन्होंने अपने प्रिय पुत्र को एक अत्यंत कष्टदायक मृत्यु के लिए सौंप दिया। लेकिन क्यों? हमारे पापों के कारण।
क्योंकि परमेश्वर पूरी तरह से न्यायप्रिय हैं, इसलिए वे पाप को यूँ ही नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। ऐसा करने पर वे एक अन्यायपूर्ण न्यायाधीश बन जाएँगे। उनके विरुद्ध हमारे विद्रोह का दंड है—अनंत काल की मृत्यु। परंतु अपने अथाह प्रेम के अनुसार, यीशु ने हमारा स्थान ले लिया। उन्हें क्रूस पर इसलिए नहीं चढ़ाया गया कि उन्होंने स्वयं कोई अपराध किया था; क्योंकि वे ही एकमात्र ऐसे मनुष्य थे जो पूर्ण और निष्पाप थे। बल्कि, हमारे प्रतिनिधि के रूप में, यीशु ने उस दंड को स्वयं पर ले लिया, जो वास्तव में हमारे लिए निर्धारित था। उन्होंने उस कर्ज़ को चुकाया, जो उन पर नहीं था—क्योंकि हम पर एक ऐसा कर्ज़ था, जिसे हम कभी भी नहीं चुका सकते थे।
अगर कहानी यीशु की मृत्यु के साथ ही खत्म हो गई होती, तो हम अब भी दुविधा में होते। हमें कैसे पता चलता कि उनका बलिदान काफ़ी था? हमें कैसे पता चलता कि परमेश्वर ने यीशु का भुगतान स्वीकार कर लिया था? ऊपर दिए गए बाइबल के वचन का दूसरा हिस्सा इन शंकाओं को दूर कर देता है: उन्हें “हमारे धर्मी ठहरने के लिये जिलाया भी गया“। यीशु का पुनरुत्थान इस बात का प्रमाण है कि हमारा कर्ज़ पूरी तरह चुका दिया गया है। जब परमेश्वर ने यीशु को मृतकों में से जिलाया, तो उन्होंने पूरी दुनिया को यह दिखाया कि उनके पुत्र, यीशु मसीह का बलिदान, हमारे हर एक पाप को मिटाने के लिए पर्याप्त है। परमेश्वर की कृपा पाने के लिए हमें उनके पुत्र पर विश्वास करने के अलावा और कुछ भी करने की ज़रूरत नहीं है।
“धर्मी ठहराने” का मतलब है कि परमेश्वर की निगाह में हमें दोषरहित और सिद्ध या नेक ठहराया जाना। वही परमेश्वर, जिन्होंने यह घोषणा की थी कि “कोई भी धर्मी नहीं है,” अब हमें पूरी तरह से धर्मी घोषित करते हैं—यदि हम उस कार्य पर विश्वास करें जो परमेश्वर ने यीशु मसीह की मृत्यु और पुनरुत्थान के द्वारा किया है। यह है वह दिव्य लेन-देन: यीशु ने हमारे पापों को अपने ऊपर ले लिया, ताकि हम उनकी धार्मिकता को प्राप्त कर सकें। यही “सुसमाचार” या यीशु मसीह का शुभ संदेश है। संदेश यह नहीं है कि “और अधिक परिश्रम करो और बेहतर बनो।” बल्कि संदेश यह है कि “परमेश्वर के उस कार्य पर विश्वास करो जो उन्होंने पूरा कर दिया है।” हम अपने कर्मों के द्वारा परमेश्वर तक नहीं पहुँच सकते। यह तो परमेश्वर ही है जिन्होंने स्वयं नीचे उतरकर हमारी ओर से प्रायश्चित किया। वही हैं जो अपने पुत्र के द्वारा हमें धर्मी और निर्दोष घोषित करते हैं। क्या आपको एहसास हुआ है कि धर्मी और सिद्ध बनने की आपकी कोशिशें नाकाम हो रही हैं? क्या आपको अपने पापों का बोझ महसूस होता है? परमेश्वर का कृपा भरा प्रस्ताव हर उस इंसान के लिए उपलब्ध है जो उनकी ओर मुड़ता है। बस उनकी यही अपेक्षा है कि आप अपनी खुद की कोशिशों पर भरोसा करना छोड़ दें और यीशु के पूरे किए गए काम पर अपना भरोसा रखें। ऐसा करने के पश्चात आपको न्याय के डर में जीने की ज़रूरत नहीं है। आप परमेश्वर द्वारा प्यार किए जाने और स्वीकार किए जाने की आज़ादी में जी सकते हैं। क्या आप उनके वचनों पर भरोसा करेंगे? क्या आप इस दिव्य लेन-देन पर विश्वास करेंगे?
